क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


- गौसेवकों ने एसपी कार्यालय घेरकर सौंपा ज्ञापन गुना (ईएमएस)। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में गौवंश के बछड़े की गर्दन काटकर की गई जघन्य हत्या के मामले में चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित गौसेवक सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहाँ गौ-सुरक्षा टीम ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। आरोपी पकड़ से बाहर, सीसीटीवी कैमरे भी निकले बंद गौसेवकों का आरोप है कि 6 मार्च की सुबह भुल्लापुरा बाईपास स्थित इंडस्ट्रीज एरिया में बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन जांच के नाम पर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो वे बंद पाए गए। गौसेवकों का कहना है कि यह एक पेशेवर तरीके से की गई हत्या है, क्योंकि मौके से धड़ का कोई सुराग नहीं मिला था, जिससे स्पष्ट है कि गौवंश का वध कहीं और कर सिर यहाँ फेंका गया। आश्वासन से नहीं, कार्रवाई से होगा न्याय एसपी कार्यालय पहुंचे अमित, गौरव शर्मा, शिवम, विनय सहित गुना गौ-सुरक्षा टीम के सदस्यों ने कहा कि घटना के दिन कलेक्ट्रेट में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन धरातल पर परिणाम शून्य हैं। पीएम रिपोर्ट में भी धारदार हथियार से गला काटने की पुष्टि हो चुकी है। गौसेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द ही हत्यारों को बेनकाब नहीं किया, तो हिंदू समाज और गौसेवक उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में बड़ी संख्या में युवा और प्रार्थी शामिल थे।- सीताराम नाटानी