09-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। मार्च के पहले सप्ताह में ही जिस तरह से गर्मी अपना असर ‎दिखा रही है उससे ग्रीष्म का यह मौसम आने वाले दिनों में भारी पड़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। वैसे जम्मू-कश्मीर के ऊपर बह रही उत्तर पश्चिम जेट हवाएं पारे को उछलने से फलहाल रोक रही है। वहीं इस समय हवा की दिशा भी उत्तर-पूर्वी है जिससे तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास ही ठहरा है वहीं रात का तापमान 17 -18 डिग्री के इर्द-गिर्द बना हुआ है। सूरज की तेज किरणें दिन चढते ही चुभने लगी हैं वहीं रात में भी धीरे धीरे ठंडक गायब होने लगी है। मौसम विभाग की माने तो आगामी दिनों में दिन का तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 16 मार्च के बाद जरूर मौसम में बदलाव के आसार है। रविवार की तरह सोमवार को भी दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से उपर आंका जा रहा है जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य रहकर 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे तो दिन का तापमान 35 के आसपास है लेकिन सूर्यदेव की तपन तापमान के 38 तक होने का आभास करा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 11 मार्च तक तापमान में आंशिक रूप से बढ़ोतरी हो सकती है।