09-Mar-2026
...


- आरओबी निर्माण के लिए दबंगोंं के अवैध निर्माण जमींदोज गुना (ईएमएस)। शहर के अशोकनगर रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) और सर्विस रोड के निर्माण में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण पर सोमवार को प्रशासन का डंडा चला। कलेक्टर किशोर कन्याल के कड़े निर्देशों के बाद नगर पालिका, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने बने पक्के अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि प्रशासन ने बिना किसी भेदभाव के उन रसूखदारों पर भी कार्रवाई की, जिनमें कई पुलिसकर्मी और सरकारी अधिकारी शामिल थे। 16 मीटर चौड़ी सडक़ के लिए हटाए अवरोध मध्य प्रदेश सडक़ विकास निगम के सहायक महाप्रबंधक शशांक शर्मा ने बताया कि पुल निर्माण के तहत मंदिर के सामने चल रहे पुल के निर्माण के तहत दोनों ओर करीब 16 मीटर चौड़ाई में सडक़ का विस्तार होना है। यहां एप्रोच रोड और सर्विस रोड का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए जमीन का खाली होना अनिवार्य था। कई सालों से यहां सडक़ किनारे अवैध कब्जे जमाए गए थे, जिससे निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा था। सोमवार को तहसीलदार जीएस बैरवा, नपा सीएमओ मंजूषा खत्री और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इन निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई। दबंगों और सरकारी कर्मियों ने घेर रखी थी जमीन कार्रवाई के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अशोकनगर मुख्य मार्ग पर दबंगों ने अपने मकानों की लंबाई के बराबर ही बाहर की ओर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। रसूखदारों और कुछ सरकारी कर्मचारियों ने फुटपाथ और सडक़ की जमीन पर आलीशान बाउंड्रीवॉल बनाकर उसे निजी संपत्ति में मिला लिया था। जेसीबी ने जैसे ही इन पक्की बाउंड्रीवॉल को तोडऩा शुरू किया, अतिक्रमणकारियों में हडक़ंप मच गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के आड़े आने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। निर्माण में आएगी तेजी प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटने के बाद अब पुल के साथ एप्रोच रोड का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जा सकेगा। इससे अशोकनगर रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और आरओबी का लाभ जल्द जनता को मिल सकेगा। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध से निपटा जा सके। - सीताराम नाटानी