राष्ट्रीय
09-Mar-2026
...


पिलानी-बाड़मेर में पारा 40 के पार, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हो सकती है बारिश नई दिल्ली,(ईएमएस)। मार्च के दूसरे हफ्ते में ही गर्मी अपना असर दिखने लगी है। मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और हिमाचल में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के अकोला और राजस्थान के पिलानी-बाड़मेर में पारा 40 डिग्री का आंकड़ा पार कर गया है। विभाग ने जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, बंगाल, बिहार, सिक्किम, केरल और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी का कहना है कि एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश करवाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के रतलाम का तापमान 38.6 डिग्री रहा। नई दिल्ली में भी दिन का टेंपरेचर 35.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। कश्मीर में तापमान 9.4 से 10.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 10-12 मार्च तक कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गंदेरबल और अनंतनाग के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से गर्म हवाएं आ रही हैं, जिसका असर मैदानी राज्यों में देखने को मिल रहा है। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। वहीं, हवा में नमी बहुत कम है। इससे आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। 10 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में और केरल और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 11 मार्च को केरल और आंध्र प्रदेश में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। सिराज/ईएमएस 09मार्च26 --------------------------------