राज्य
09-Mar-2026


-राई नृत्य से हुआ मेले का आगाज, 700 नृत्यांगनाओं ने रातभर किया नृत्य, प्रसाद फेंकने पर श्रद्धालुओं ने जताई आपत्ति अशोकनगर,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में रंगपंचमी के अवसर पर करीला धाम में आयोजित मेले में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। 24 घंटे में करीब 20 लाख श्रद्धालुओं ने माता जानकी के दर्शन किए। इस दौरान मेले में सुरक्षा और मनोरंजन दोनों का विशेष ध्यान रखा गया। सीएम डॉ मोहन यादव ने इस अवसर पर 115 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में सीएम राइज स्कूल, पानी की नई टंकी और सड़कों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने दीपनाखेड़ा से करीला तक 10 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाने की घोषणा भी की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मेले में रविवार रात 700 से ज्यादा नृत्यांगनाओं द्वारा राई नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्साह से झूम उठा। इस अवसर पर 1700 पुलिसकर्मी तैनात किए गए और पूरे मेले में सीसीटीवी निगरानी भी की गई, ताकि सुरक्षा और शांति बनी रहे। हालांकि, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद कुछ व्यवस्थागत खामियां भी सामने आईं। करोड़ों की लागत से बनी पानी की टंकी होने के बावजूद श्रद्धालु पानी को तरस गए। इसके अलावा मंदिर परिसर में वॉलंटियर्स द्वारा प्रसाद को उचित स्थान देने के बजाय किनारे फेंकने पर श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि आगामी सालों में ऐसी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। बावजूद इसके, करीला मेला इस साल भी आस्था और उत्सव का एक केंद्र बना रहा, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को माता जानकी के प्रति भक्ति और आनंद की अनुभूति दी। सिराज/ईएमएस 09मार्च26