राज्य
09-Mar-2026


महाराजगंज (ईएमएस)। जिले के नौतनवा के गांधी नगर के 66वीं बटालियन एसएसबी मुख्यालय में कार्यरत महिला कर्मी के पति ने दो बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक सैतपुर थानाक्षेत्र के मिर्जापुर निवासी अमरेश कुमार पुत्र मन्नू राम अपनी पत्नी वंदना, बेटी कंचन (4) और पुत्र अमरेंद्र (3) के साथ नौतनवा नगर पालिका के गांधीनगर वार्ड में किराए के मकान पर रहता था। पत्नी वंदना एसएसबी के 66वीं बटालियन हेड क्वार्टर में चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्यरत है। रविवार को घर का काम करने के बाद पत्नी ड्यूटी पर चली गई। इसके बाद पति अमरेश ने दोनों मासूम बच्चे कंचन, अमरेंद्र के साथ कमरे में खुदकुशी कर ली। बच्ची का शव कमरे में फर्श पर पड़ा था। बताया जाता है कि, पत्नी किसी से वीडियो कॉल पर बात करती थी, जिससे आहत होकर पति ने दोनों बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली। उसी कमरे की दीवार पर मैसेज भी लिखा मिला कि ‘मेरे साथ रहकर यह सोनू को वीडियो कॉल करती थी, बोलती थी कि तुम मेरा कुछ नहीं कर सकते हो’। मैं अपने बच्चों को अपने से दूर नहीं कर सकता हूं. हमारे मौत का कारण पत्नी वंदना कुमारी, इसके पिता राम अवतार, चंदा देवी, नवीन कुमार, सुनीता देवी और अमरनाथ हैं। यह लोग पैसे के लिए मेरी पत्नी को घर पर बुलाते हैं। नवीन को हर महीने 5 हजार रुपया देती है। पत्नी का आशिक सोनू गौतम भी पैसा लेता है। सोनू की वजह से आज पूरा परिवार खत्म हो गया। एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने बताया कि मामले में यह प्रतीत हो रहा है कि पारिवारिक कलह के कारण ये कदम उठाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर, आगे की कार्रवाई की जा रही है। जितेन्द्र 09 मार्च 2026