क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


- एक्टिवा, बाइक और कार क्षतिग्रस्त, महिला मामूली घायल भोपाल(ईएमएस)। शहर के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में स्थित वीआईपी रोड पर रविवार रात करीब करीब 10:30 बजे उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक युवती ने तेज स्पीड से कार दौड़ाते हुए तीन वाहनों को टक्कर मार दी। घटना में एक एक्टिवा, बाइक और एक कार क्षतिग्रस्त हुई है। जबकि कार सवार महिला को मामूली चोट आई है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार को जप्त कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार महिला ने शिकायत में पुलिस को बताया कि वह रात करीब 10:30 बजे अपनी बहन के साथ न्यू मार्केट से अपने घर लौट रही थी। वीआईपी रोड पर खानूगॉव चौराहा और इम्पीरियल सेबरे होटल के बीच पीछे से तेज रफ्तार कार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले एक एक्टिवा और एक अन्य बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद उसी कार ने उसकी कार को दाहिनी ओर से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार का दाहिना हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महिला के पैर और सिर में हल्की चोट आई, जबकि साथ बैठी उसकी बहन बच गई है। अचानक हुए हादसे के बाद वीआईपी रोड पर जाम की स्थिति भी बन गई थी। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने ट्रैफिक को सामान्य कराया। बाद में फरियादी की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है की कार एक युवती चला रही थी। पुलिस ने वाहन को जप्त कर मामले की जांच शुरु कर दी है। जुनेद / 9 मार्च