जबलपुर, (ईएमएस)। केन्ट थानान्तर्गत कल अपरान्ह 3.40 बजे मेनरोड सदर स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में रूपए निकालने गये एक पार्लर संचालक का पैसा नहीं निकलने पर एक अंजान व्यक्ति ने मदद करने के नाम पर उसके पिन कार्ड की जानकारी लेकर एटीएम कार्ड बदल दिया। दुकान आने पर पार्लर संचालक के मोबाईल फोन पर लगातार मैसेज आये जिसमें पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 59 हजार 3 सौ रूपए निकाल लिये हैं। केन्ट पुलिस ने बताया कि संजय नगर अधारताल निवासी रोहित सेन गली नंबर-9 सदर में मेन्स पार्लर चलाता है कल अपरान्ह 3.40 बजे सदर मेनरोड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में पैसा निकालने गये थे कई बार प्रयास करने पर भी जब पैसे नहीं निकले तो एटीएम में मौजूद अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें मदद करने की बात कहकर एटीएम मशीन में कार्ड लगाकर पिन नंबर डालने कहा। इसी दौरान युवक ने रोहित का पिन नंबर देख लिया और शातिर तरीके से उसका एटीएम कार्ड भी बदल दिया। एटीएम से पैसा निकालने के बाद रोहित अपने पार्लर आ गया कुछ देर बाद उसके मोबाईल पर लगातार मैसेज आये। संदेह होने पर जब उसने मैसेज चैक किये तो पता चला कि उसके यूनियन बैंक के खाते से 59 हजार 3 सौ रूपए निकल गये हैं और वह मदद के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार हो गया है। सुनील साहू / मोनिका / 09 मार्च 2026/ 04.29