- दुकानदार को आई गंभीर चोट, सीसीटीवी में कैद हुई घटना बिलासपुर (ईएमएस)। तेलीपारा स्थित नरेश बाजार व्यावसायिक परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां पर एक कार अचानक पीछे करते हुए कपड़ा शोरूम में घुस गई।कार की रफ़्तार इतनी तेज थी कि दुकान में बाहर खड़ी एक दोपहिया वाहन को अपनी चपेट में लेते हुए सीधे दुकान के अंदर जा घुसी। जिससे वर्षा फैशन की संचालिका के पति विजय सबनानी (43 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि जिस कार से यह हादसा हुआ वह कार उसी परिसर में स्थित शिव शक्ति इलेक्ट्रॉनिक के संचालक की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार नाबालिग द्वारा चलाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मनोज राज 09 मार्च 2026