क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


- मंगलवार से दुमका बस स्टैंड से बसों का परिचालन बंद दुमका(ईएमएस)।दुमका में मंगलवार से बसों का परिचालन पूरी तरह ठप रहेगा। संताल परगना मोटर मजदूर संघ ने अपने अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की अबतक गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद अटल बिहारी वाजपेयी बस पड़ाव से चलने वाली सभी बसें कल से बंद रहेंगी।गौरतलब है कि 24 फरवरी की सुबह करीब 6 बजकर 10 मिनट पर डीआईजी कार्यालय के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने अरुण कुमार सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया था। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया गया था। संघ के सदस्यों का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे बस कर्मियों में आक्रोश है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।बस संघ ने दुमका के एसपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण संघ ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है।संघ का यह भी कहना है कि बस स्टैंड परिसर में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है और सीसीटीवी कैमरों की कमी के कारण सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।दुमका बस पड़ाव से संताल परगना के विभिन्न क्षेत्रों के लिए बसें चलती हैं। ऐसे में कल से बसों के बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक आरोपियों की गिरफ्तारी होती है और बस सेवा बहाल होती है। कर्मवीर सिंह/09मार्च/26