राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर में रंग पंचमी के दिन होली खेलते समय हरे रंग से कई युवाओं के चेहरे और आंखों में संक्रमण की शिकायत सामने आई है। दरजी गली के कुछ युवाओं ने बाजार से खरीदा हरा रंग लगाकर होली खेली। युवाओं के अनुसार, रंग लगाने के कुछ समय बाद ही शरद नामदेव, जगदीश गुप्ता, देवेंद्र नामदेव, कमल सोनी और राजू बैरागी समेत अन्य युवाओं के चेहरे पर जलन और सूजन शुरू हो गई। आंखों में तेज जलन और लगातार आंसू आने लगे। शाम को नहाने के बाद स्थिति और बिगड़ी। युवाओं ने निजी मेडिकल स्टोर से आंखों की ड्रॉप और दवाइयां लीं, लेकिन राहत नहीं मिली। सोमवार सुबह कई युवाओं के चेहरे पर सूजन बढ़ गई और आंखों की समस्या जारी रही। घबराए हुए युवक अलग-अलग निजी क्लीनिक में इलाज करा रहे हैं। अब तक पांच से अधिक युवाओं में संक्रमण पाया गया है, जबकि कुछ अन्य लोगों में भी इसी तरह की परेशानी की खबर है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हरा रंग किस दुकान से खरीदा गया और कौन लाया था। डॉक्टर का मानना है कि रंग में केमिकल की अधिक मात्रा होने के कारण यह समस्या हुई। बाजार में बिक रहे रंगों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं, और इस घटना ने होली के रंगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। -निखिल/राजगढ़ /9/3/2026