राज्य
09-Mar-2026


लखनऊ (ईएमएस)। यूपी की राजधानी लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्र निगोहां के शेखनखेड़ा में बीती रात श्रमिक ने कुल्हाड़ी से सिर और चेहरे पर वार कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी घर से भाग निकला। घर पहुंचे बेटे ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल से पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी। एडीसीपी दक्षिणी आर वसंथ कुमार ने बताया कि मूलरूप से नगराम के अकरहदू गांव का निवासी राजेश रावत पत्नी राजेश्वरी (46) और पांच बच्चों के साथ शेखनखेड़ा में रहता है। बीती रात राजेश और राजेश्वरी घर में अकेली थीं। बच्चे पड़ोसी बलराम के बेटे के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। राजेश काफी शराब के नशे में था। रात करीब नौ बजे इसी बात को लेकर राजेश का पत्नी से विवाद हो गया। इस बीच आक्रोशित राजेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। राजेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी उनका शव चारपाई पर फेंक कर वहां से कुल्हाड़ी लेकर अपनी बाइक से भाग निकला। करीब एक घंटे बाद राजेश का बड़ा बेटा गुलशन जब घर पहुंचा तो मां को लहुलूहान देखकर घबरा गया। उसकी चीख सुन पड़ोसी भी घर आ गए। घटना की जानकारी गुलशन ने पुलिस को दी। कुछ ही देर में एडीसीपी, एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय, थानाध्यक्ष निगोहां अनुज तिवारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। गुलशन ने बताया कि पिता राजेश शराब पीने के आदी हैं। वह आए दिन मां से झगड़ा करते थे। इस बात से परेशान होकर करीब दो साल पहले मां ने अकरहदू गांव में स्थित पैतृक जमीन बेच दी थी। उससे मिली रकम से मां ने नानी के घर के पास ही मकान बनवाया था। यहां भी पिता झगड़ा करते रहते थे। जितेन्द्र 09 मार्च 2026