राज्य
09-Mar-2026


लखनऊ (ईएमएस)। राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी बालागंज में 14 साल की किशोरी का शव उसके मालिक के घर में संदिग्ध हालात में मिला। किशोरी मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली थी और यहां पिछले एक साल से राघव नामक व्यक्ति के घर में घरेलू सहायिका का काम करती थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मकान मालिक पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए जल निगम रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपी राघव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर करीब 12ः30 बजे किशोरी के आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम किशोरी को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर ले गई थी। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन परिजनों के आरोपों के आधार पर आरोपी राघव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक किशोरी के पिता पेशे से मजदूर हैं। किशोरी के पिता का कहना है कि सुबह मकान मालिक राघव की मां ने फोन पर सूचना दी थी कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचे तो बेटी बिस्तर पर मृत पड़ी थी। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ गलत काम करने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जितेन्द्र 09 मार्च 2026