क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस)l शहर में सुबह से लोगों पर रंगपंचमी का खुमार चढ़ा था, लोग रंग गुलाल लेकर एक दूसरे को रंगने के लिए दौड़ रहे थे। जबकि जागरुक बच्चियां सिविल अस्पताल ब्यावरा में एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए कतार में खड़े होकर अपना नंबर आने का इंतजार कर रही थीं। बच्चियों का कहना था कि वैक्सीन दो मिनट में लग जाएगी, फिर खेलेंगे होली। दरअसल इन दिनों शासकीय अस्पतालों में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। ये वैक्सीन बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाएगी और उनका जीवन सुरक्षित करेगी। वैक्सीनेशन को लेकर बालिकाओं में भी जागरुकता बढ़ी है, वह खुद ही वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पताल पहुंच रही हैं। रविवार को अवकाश था, लेकिन बालिकाओं के टीकाकरण के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा में स्टाफ मौजूद था। इस दौरान कुल 45 बच्चियों को टीका लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिविल अस्पताल ब्यावरा में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. जलालुद्दीन शेख एवं सिविल अस्पताल ब्यावरा के अधीक्षक डॉ. सौरिन दत्ता उपस्थित थे। इस दौरान बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बालिकाओं को सुरक्षित स्वास्थ्य प्रदान करना है। इस दौरान सीबीएमओ डॉ जलालुद्दीन ने ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पात्र बालिकाओं के कंसेन्ट फॉर्म भरवाने के संबंध में निर्देश भी दिए। -निखिल/ब्यावरा/9/3/2026