राज्य
09-Mar-2026


- घायल इलाज के दौरान अस्पताल से भागा, पुलिस ने ढूंढकर दर्ज किए बयान भोपाल(ईएमएस)। छोला मंदिर की ब्लू मून कॉलोनी में गैंग के पुराने साथी पर मुखबिरी के शक में बदमाशों ने घेरकर मारपीट करते हुए चाकू मारे और हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने घायल युवक को अस्पताल भेजा लेकिन पुलिस के आने की भनक लगते ही घायल युवक इलाज बीच में छोड़कर अस्पताल से भाग गया। पुलिस ने फरियादी को ढूंढकर उसके बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मोहसिन पिता मुबारिक खान मूल रूप से राजगढ़ जिले का रहने वाला है, वह यहां किराए के मकान में रहता है। उसकी उमेर, अर्सलान और अदनान से दोस्ती थी। उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मोहसिन ने पुलिस को बताया कि वह पहले इन लोगों के साथ जुड़ा हुआ था, लेकिन उनकी बढ़ती अपराधिक वारदातो को देख वह कुछ समय से वह उनसे अलग होना चाहता था। कुछ दिन पहले उन बदमाशों ने इलाके में एक आपराधिक वारदात को अंजाम दिया था। इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद आरोपियों को शक हुआ कि मोहसिन ने ही उनकी मुखबिरी की है। इसी शक के चलते उन्होंने चार मार्च को मोहसिन को ब्लू मून कॉलोनी में ही उमेर, अर्सलान और अदनान अपने एक अन्य साथी के साथ घेर लिया। चारों ने मोहसिन के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला किया और डराने के लिए फायरिंग भी की, जिसमें मोहसिन गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस घायल के बयान लेने अस्पताल पहुंचने वाली थी, तभी मोहसिन को इसकी भनक लग गई और वह अस्पताल से भाग निकला। शनिवार रात पुलिस ने मोहसिन को तलाश कर उसके बयान दर्ज करते हुए बदमाशो के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जुनेद / 9 मार्च