- 13 मार्च तक प्रथम दिवस का प्रशिक्षण सम्पन्न दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशानुसार भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन एवं ध्वस्त संरचना में खोज एवं बचाव से संबंधित 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट परिसर में 9, 10, 11, 12 एवं 13 मार्च 2026 को आयोजित होगा। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी बचाव कार्यों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण में पीजी कॉलेज दतिया के 5 प्रोफेसर, जिला शिक्षा विभाग से 10 विद्यालय प्राचार्य तथा 10 प्राइवेट विद्यालय प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं नगरीय प्रशासन से फायर सेफ्टी ऑफिसर, आरओआई एवं अन्य कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग से 5 दक्ष चिकित्सक तथा ग्रामीण विभाग से पीसीओ सहित 8 कर्मचारी भाग लेंगे। प्रशिक्षण में पुलिस विभाग से सिविल डिफेंस आपदा में दक्ष 5 अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल रहेंगे। जिला होमगार्ड सेनानी के माध्यम से 10 सेवानिवृत्त सैनिक, राष्ट्रीय सेवा योजना के 10 स्वयंसेवक, नेहरू युवा केंद्र के 10 स्वयंसेवक, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के 10 सदस्य तथा रेडक्रॉस, राष्ट्रीय कैडेट कोर और अन्य स्वयंसेवी संगठनों के 10 प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल लगभग 50 प्रतिभागियों को ध्वस्त संरचना में खोज एवं बचाव संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण की सूचना देकर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी जिला होमगार्ड सेनानी को सौंपी गई है। प्रथम दिवस का प्रशिक्षण सम्पन्न राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त दिशा निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन विभाग इकाई दतिया के तत्वावधान में 5 दिवसीय भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम का आयोजन न्यू कलेक्ट्रेट परिसर दतिया में किया जा रहा है। जिसमें प्रथम सत्र में शासकीय नियमित अधिकारियों को सम्मिलित किया गया तथा द्वितीय सत्र में एनसीसी, एनएसएस, एनवाईके कैडेट्स/एक्सआर्मी मैन तथा होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्र को सम्मिलित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के प्रथम दिवस श्री विकास राठौर, लेक्चरर पीजी कॉलेज द्वारा भूकंप परिचय एवं इतिहास, भूकंप के कारण व प्रभाव तथा जियोलॉजिकल डिजास्टर जानकारी के बारे मे बताया गया. पश्चात द्वितीय सत्र में चब श्री शिवराज सिंह बघेल द्वारा भूकंप आने पर तात्कालिक कार्यवाही,बिल्डिंग ध्वस्त संरचना, सर्च एन्ड रेस्क्यू ओवरव्यू व एसएआर तकनीक एवं सिद्धांत के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण दौरान प्रीतिभागियों को स्टेशनरी, स्टडी मेटेरियल प्रदाय कर स्वल्पाहार कराया गया।