क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


- मोतीलाल नेहरू वार्ड में गंदगी का अंबार, बीमारी फैलने का खतरा जबलपुर, (ईएमएस)। एक ओर नगर निगम शहर को स्वच्छ बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है सड़क पर पड़ा छोटा सा कचरा भी उठाने के अभियान चलाए जा रहे हैं तो दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में हालात बदतर हैं। खासकर मोतीलाल नेहरू वार्ड में गंदगी के ढेर और सड़कों पर फैले कचरे ने स्थानीय लोगों को परेशानी में डाल दिया है। हालात ऐसे हैं कि बीमारी और महामारी फैलने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार वार्ड के कई मोहल्लों में नियमित सफाई नहीं हो रही। जगह-जगह कचरे के ढेर पड़े हैं, नालियां जाम हैं और बदबू से लोगों का जीना दूभर हो गया है। बरसात से पहले की नमी और बढ़ती गर्मी में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। 50 सफाईकर्मी स्वीकृत, पहुंचते मुश्किल से 10… जानकारी के मुताबिक मोतीलाल नेहरू वार्ड के लिए 50 सफाई कर्मचारियों के पद स्वीकृत हैं और उनका वेतन नगर निगम द्वारा दिया जा रहा है। लेकिन स्थानीय स्तर पर दावा है कि रोजाना ड्यूटी पर मुश्किल से 8–10 कर्मचारी ही दिखाई देते हैं। शेष कर्मचारी कहां तैनात हैं या उनकी उपस्थिति कैसे दर्ज हो रही है, यह सवाल खड़े कर रहा है। वार्डवासियों का आरोप है कि यदि सभी स्वीकृत कर्मचारी नियमित रूप से काम पर आएं तो क्षेत्र में सफाई की स्थिति इतनी खराब न हो। ठेका व्यवस्था के तहत वेतन वितरण और उपस्थिति रजिस्टर की पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं। रमजान में भी राहत नहीं … स्थानीय लोगों का कहना है कि रमजान जैसे पाक महीने में भी वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई है। मस्जिदों और स्कूलों के आसपास भी कचरे का उठाव नियमित नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों और विशेष अवसरों पर अतिरिक्त सफाई की अपेक्षा की जाती है, लेकिन यहां स्थिति उलट नजर आ रही है। बीमारी का बढ़ता खतरा… चिकित्सकों का कहना है कि खुले में पड़े कचरे और जाम नालियों से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है। समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर हो सकती है। वार्डवासियों की मांग है है कि नगर निगम तत्काल विशेष अभियान चलाकर वार्ड की सफाई कराए, कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करे और ठेका व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करे। सुनील साहू / शहबाज / 09 मार्च 2026/ 06.24