क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। एक राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य उसके स्वस्थ नागरिकों पर निर्भर करता है। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ भावी पीढ़ी ही देश की संस्कृति और विकास को आगे बढ़ा सकती है। इसी सोच के साथ एम्स भोपाल जनसामान्य के लिए स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में, कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के मार्गदर्शन में एम्स भोपाल के आयुष विभाग की आयुर्वेद ओपीडी में बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अभिभावकों ने अपने बच्चों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति सजग होते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस बार आयोजित कार्यक्रम में कुल 108 बच्चों ने सहभागिता की, जिनमें 65 बच्चे पूर्व से पंजीकृत थे, जबकि 43 नए बच्चों का पंजीकरण किया गया। इस अवसर पर 1 वर्ष से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. रंजना पांडे ने अभिभावकों को स्वर्ण प्राशन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति जागरूक किया। उल्लेखनीय है कि आयुष विभाग में स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में पुष्य नक्षत्र के दिन की गई थी। पिछले तीन वर्षों से प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र के अवसर पर यह कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, ताकि बच्चों को आयुर्वेदिक पद्धति के माध्यम से बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का लाभ मिल सके। हरि प्रसाद पाल / 09 मार्च, 2026