इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक हादसे में अपने घर के बाहर खड़े आठ साल के मासूम बालक की टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना ह्रदय विदारक था कि टक्कर के बाद टैंकर का पहिया मासूम के सिर को कुचलते हुए निकल गया। हादसा लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर में हुआ । पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मृतक मासूम बालक का नाम कार्तिक पिता बनवारी भांड उम्र आठ वर्ष है। उसका परिवार मूलतः जगपुरा, जिला झालावाड़ राजस्थान का रहने वाला है और इन्दौर में काम की तलाश में आकर निरंजनपुर में झोपड़ी बनाकर रह रहा है। पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब सात बजे कार्तिक अपनी झोपड़ी के बाहर ही खड़ा था। इसी दौरान ये हादसा हुआ। सूचना मिलते ही एफआरवी मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम हेतु एमवाय अस्पताल भिजवाया। कार्तिक के पिता मजदूरी करने के साथ-साथ ढोलक बजाने का काम भी करते हैं। कार्तिक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। आनंद पुरोहित/ 09 मार्च 2026