10-Mar-2026
...


लॉस एंजिल्स (ईएमएस)। व्हाइट हाउस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो को लेकर हॉलीवुड अभिनेता बेन स्टिलर ने कड़ी आपत्ति जताई है। अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए व्हाइट हाउस से तुरंत उस क्लिप को हटाने की मांग की। स्टिलर ने कहा कि उन्होंने इसके इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी है। इस वीडियो में उनकी फिल्म ट्रापिक थंडर का एक क्लिप इस्तेमाल किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक व्हाइट हाउस ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें कई लोकप्रिय फिल्मों और टीवी शोज के दृश्य एक साथ जोड़े गए थे। इन क्लिप्स में टॉप गन, सुपरमेन, ट्रांसफार्मर्स, ब्रेकिंग बेड और आयरन मेन जैसी मशहूर फिल्मों व शोज के दृश्य शामिल थे। इन सभी को अमेरिकी सैन्य अभियानों से जुड़े वास्तविक दृश्यों के साथ जोड़ा गया था। पोस्ट के कैप्शन में “जस्टिस द अमेरिकन वे” लिखा गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बेन स्टिलर ने लिखा कि व्हाइट हाउस को उनकी फिल्म का क्लिप तुरंत हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह के प्रचार अभियान का हिस्सा बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है और युद्ध जैसी गंभीर चीज को फिल्मी अंदाज में पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि युद्ध कोई फिल्म नहीं है और इस तरह की सामग्री के लिए उनकी फिल्म के दृश्य का इस्तेमाल गलत है। रिपोर्ट के अनुसार, बेन स्टिलर अकेले ऐसे कलाकार नहीं हैं जिन्होंने व्हाइट हाउस द्वारा अपने कंटेंट के उपयोग पर आपत्ति जताई है। इससे पहले भी कई मशहूर कलाकारों ने इस तरह के इस्तेमाल को लेकर नाराजगी जाहिर की है। इनमें सेलीन डियोन, ब्रुस स्प्रींगस्टीन, लीनकिन पार्क, नेल यंग, ओलिविया रोड्रिगो और रेडियोहेड जैसे नाम शामिल हैं। इसी सप्ताह पॉप सिंगर केशा ने भी इस मुद्दे पर विरोध जताया था। व्हाइट हाउस ने उनके गीत “ब्लो” का इस्तेमाल एक ऐसे वीडियो में किया था, जिसमें एक फाइटर जेट को नौसैनिक जहाज से मिसाइल दागते और विस्फोट करते हुए दिखाया गया था। केशा ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके गाने का इस्तेमाल हिंसा या युद्ध को बढ़ावा देने के लिए करना उन्हें बिल्कुल स्वीकार नहीं है। हालांकि इस मामले पर व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर स्टीवेन चेयूंग ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कलाकारों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादों से पोस्ट को और ज्यादा ध्यान और व्यू मिलते हैं, क्योंकि लोग जानना चाहते हैं कि कलाकार किस बात पर आपत्ति जता रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 10 मार्च 2026