- आत्महत्या मामले में फंसाने की धमकी दे मांगी रिश्वत इन्दौर (ईएमएस) ज्वेलर्स को आत्महत्या के मामले में फंसाने की धमकी दे तीस हजार रुपए रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने पुलिस सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह चंदेल व आरक्षक पवन प्रजापति के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों ने धमकी देकर ज्वेलर्स से 15 हजार रुपए तो ले लिए थे। शेष 15 हजार रुपए लेने की बात फरियादी ज्वेलर्स से हुई थी। इस पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई प्लान की किंतु संभवतः भनक लग जाने से पुलिस कर्मी रिश्वत के पैसे लेने नहीं आए। इस पर दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिश्वत मांगने के साक्ष्य के आधार पर केस पंजीबद्ध किया। दोनों आरोपी पुलिस कर्मी थाना अंजड़ (बड़वानी) में पदस्थ हैं। पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त डॉ. राजेश सहाय के अनुसार आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ डायमंड ज्वेलर्स सराफा बाजार अंजड़ के संचालक जयराज चौधरी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। फरियादी अंजड़ में कार्य करता है। 1 वर्ष पूर्व हुए भारत बर्फा की आत्महत्या के केस मामले में फरियादी जयराज चौधरी को अंजड़ थाने के सब इंस्पेक्टर महावीर चंदेल ने थाने बुलाकर पूछताछ की थी। फिलहाल अपराध दर्ज कर जांच कार्रवाई की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 10 मार्च 2026