क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


- 28 मार्च से कोरबा में होंगी पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की दिव्य कथा कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम ग्राम ढप-ढप, बांकीमोगरा रोड, कटघोरा मार्ग में आयोजित होने वाली दिव्य श्री हनुमंत कथा के लिए विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन स्थल पर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच पूजा-अर्चना कर कथा की तैयारियों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक अमरजीत सिंह एवं कार्यक्रम सचिव डॉ. पवन सिंह के नेतृत्व में आयोजन समिति के सदस्यों ने भूमि पूजन कर कार्यक्रम की सफलता के लिए भगवान श्रीराम और बजरंगबली से आशीर्वाद प्राप्त किया। भूमि पूजन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन समिति ने बताया कि 28 मार्च से यहां भव्य दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री अपने श्रीमुख से कथा वाचन करेंगे। इस आयोजन में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भूमि पूजन के साथ ही कथा स्थल पर विशाल पंडाल, आकर्षक मंच, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजक अपना घर सेवा आश्रम परिवार, कोरबा ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिव्य श्री हनुमंत कथा का श्रवण करें और धर्म लाभ प्राप्त करें। 10 मार्च / मित्तल