राज्य
10-Mar-2026


दर्जन भर से अधिक झुग्गियां जली, पीड़ितों के सामने अब रोजी रोटी का संकट जबलपुर, (ईएमएस)। अधारताल क्षेत्र अतंर्गत गुजराती मोहल्लें में मंगलवार तड़के अचानक आग भड़क उठी| इस आग में लगभग 1 दर्जन से अधिक झुग्गियां जलकर नष्ट हो गई, तो वहीं लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान भी जताया जा रहा है| उक्त बस्ती में रहने वाले लगभग 15 परिवार पुराने कपड़े खरीदकर इन्हें बेचने का काम करते थे| लिहाजा घरों में बड़ी संख्या में पुराने कपड़ो का भी स्टॉक था, जो जलकर खाक हो गया| सुबह क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर नगर निगम दमकल विभाग से 6 गाड़ियों को मौके पर पहुंचाया गया और बड़ी मशक्कत के बाद दमकल दल ने आग पर काबू पाया| इस संबंध में नगर निगम दमकल प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 5 बजे अधारताल गुजराती मोहल्लें में आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल ही दमकल दल को मौके पर रवाना किया गया| दमकल की 6 गाड़ियों ने बड़ी देर की मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पा लिया| हालांकि इस दौरान बस्ती की 12 से अधिक झुग्गियां और इनमें रखा गृहस्थी का सामान तथा बड़ी मात्रा में रखे पुराने कपड़ों का स्टॉक जलकर खाक हो गया| गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई| क्षेत्रीय रहवासियों के मुताबिक वे पिछले बीसों साल से यहां रहते हुए पुराने कपड़ो का क्रय विक्रय कर अपने परिवारों का भरण पोषण करते हैं| इस अग्नि दुर्घटना के बाद अब उनके सामने रोजी रोटी का संकट आ गया है| पीड़ितों ने जिला प्रशासन से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है| अजय पाठक / मोनिका / 10 मार्च 2026/ 01.34