दतिया ( ईएमएस ) | जिले में “उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम” के अंतर्गत आयोजित होने वाली मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर स्वप्नल वानखड़े ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा सहित शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि जिले में यह परीक्षा 14 मार्च 2026 (शनिवार) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। उन्होंने कहा कि 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर इस परीक्षा में शामिल होंगे और उनकी उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 740 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दतिया विकासखंड में 357, सेवढ़ा में 232 और भांडेर में 151 केंद्र शामिल हैं। परीक्षा के लिए जिले का कुल लक्ष्य 40 हजार परीक्षार्थियों का रखा गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सभी स्कूलों का स्टाफ उपस्थित रहेगा और परीक्षा संचालन में पूर्ण सहयोग करेगा। परीक्षा के बाद परिणाम की ऑनलाइन एंट्री एनआईएलपी एमपीऐप और आरएसकेएमपी-ईन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परिणाम से संबंधित सभी जानकारी समय पर दर्ज की जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। बैठक में यह भी बताया गया कि पिछली परीक्षा में दतिया जिला पूरे मध्यप्रदेश में पांचवें स्थान पर रहा था, इस बार जिले को प्रथम स्थान दिलाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।