क्षेत्रीय
10-Mar-2026


पलामू(ईएमएस)।जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू की अध्यक्षता में मंगलवार को धान अधिप्राप्ति योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।बैठक में जिले के सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों के संचालक,राइस मिलर तथा नोडल पदाधिकारी-सह-दंडाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए पलामू जिले में 2 लाख 50 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसके विरुद्ध अब तक 1 लाख 63 हजार क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है जबकि करीब 87 हजार क्विंटल धान की खरीद अभी शेष है।जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने सभी केंद्र संचालकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें और किसी भी परिस्थिति में लक्ष्य से कम धान की खरीदी न हो।धान खरीद के लिए अभी लगभग 20 दिन शेष है,जिसमें शेष लक्ष्य आसानी से पूरा किया जा सकता है।बैठक में यह भी बताया गया कि पूर्व में राइस मिलरों के चयन एवं धान उठाव में कुछ कठिनाइयां आ रही थी,लेकिन अब राइस मिलरों द्वारा धान का उठाव कार्य तेज कर दिया गया है। अब तक करीब 60 हजार क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है तथा शेष धान का उठाव भी तेजी से करने का निर्देश सभी राइस मिलरों को दिया गया है।जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि इस बार किसानों को एकमुश्त राशि भुगतान की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।भुगतान को लेकर अब तक किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।विभाग एवं निगम मुख्यालय,रांची स्तर से भी इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है और राशि उपलब्ध होते ही किसानों के खाते में भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है साथ ही सभी प्रतिनियुक्त नोडल पदाधिकारी-सह-दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे समय-समय पर क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते रहें,ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और क्रय केंद्रों पर किसी भी तरह की अनियमितता न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ऑनलाइन ई-उपार्जन पोर्टल पर दर्ज धान खरीद की मात्रा के अनुरूप ही धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर भंडारित है। कर्मवीर सिंह/10मार्च/26