रांची(ईएमएस)I बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अपने कांके प्रांगण में 14 से 16 मार्च तक आयोजित किये जानेवाले राज्यस्तरीय एग्रोटेक किसान मेला का उद्घाटन 14 मार्च को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 16 मार्च को समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। मेला का केन्द्रीय विषय वस्तु ‘टिकाऊ कृषि हेतु जलवायु अनुकूल तकनीकी नवाचार’ है I विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि,पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीख तथा विधायक राजेश कच्छप, अमित कुमार एवं सुरेश कुमार बैठा की उपस्थिति रहेगीI मेला के दूसरे दिन पशु-पक्षी प्रदर्शनी का उदघाटन विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो करेंगे जबकि राज्यसभा सदस्य डॉ महुआ माजी महिला कृषक गोष्ठी का उद्घाटन करेंगी I राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ आशा लकड़ा महिला गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि रहेंगी। बीएयू के कुलपति डॉ सुनील चन्द्र दुबे ने बताया कि मेला में लगभग 135 स्टाल लगाये जा रहे हैं जहाँ बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संकायों, महाविद्यालयों, क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्रों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के अलावा झारखण्ड में कार्यरत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शोध संस्थान, कृषि से संबंधित विभाग, बीज, कृषि यंत्र एवं उर्वरकों के निर्माता एवं बिक्रेता, बैंक एवं वित्तीय संस्थान तथा स्वयंसेवी संगठन अपनी तकनीक, सेवाएँ एवं उत्पाद प्रदर्शित करेंगे I बिक्री हेतु विसिध कृषि इनपुट भी उपलब्ध रहेंगे I इस अवसर पर आनेवाले किसानों को वैज्ञानिकों द्वारा खेती-बारी सम्बन्धी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी परामर्श भी प्रदान किया जायेगा I निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ रेखा सिन्हा के निर्देशन में विभिन्न समितियां युद्ध स्तर पर मेला की तैयारी में लगी हैं I मेला का उद्देश्य किसानों, कृषक महिलाओं एवं युवा उद्यमियों को उन्नत कृषि, पशुपालन, वानिकी, डेयरी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्द्धन तथा घरेलू एवं अन्य कुटीर उद्योगों से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना हैI इस अवसर पर फल, फूल, सब्जी, मसालों, सजावटी, औषधीय एवं सगंधीय पौधों से संबंधित उद्यान प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी, कृषि यंत्र प्रदर्शनी, किसान गोष्ठी, प्रायोगिक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण, महिला कृषक संगोष्ठी का भी आयोजन किया जा रहा है।राज्यस्तरीय आयोजन में प्रान्त के विभिन्न जिलों के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे I कर्मवीर सिंह/10मार्च/26