खेल
10-Mar-2026


लखनऊ (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव अब वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। टी-20 विश्व कप में चैंपियन बनने के बाद अब कुलदीप 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त और मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे। यह शादी उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी में होगी, जबकि 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन होगा। कुलदीप यादव का जन्म 14 दिसंबर 1994 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था। वे चाइनामैन गेंदबाज के रूप में मशहूर हैं और भारतीय टीम के लिए कई मैचों में कमाल दिखा चुके हैं। 2017 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से कुलदीप ने तेजी से प्रगति की। 2024 के टी-20 विश्व कप में उनकी शानदार गेंदबाजी ने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। वंशिका लखनऊ की रहने वाली हैं और श्याम नगर इलाके से ताल्लुक रखती हैं। वे भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत हैं। कुलदीप और वंशिका बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। जून 2025 में लखनऊ में एक निजी समारोह में दोनों ने सगाई कर ली थी। इस समारोह में कुलदीप के क्रिकेटर दोस्त रिंकू सिंह भी शामिल हुए थे। जितेन्द्र 10 मार्च 2026