खेल
10-Mar-2026


:: अभय प्रशाल में 900 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम; 20 लाख रुपये की इनामी राशि दांव पर, 32 राज्यों की टीमें होंगी शामिल :: इंदौर (ईएमएस)। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन द्वारा आयोजित यूटीटी सीनियर नेशनल एवं अंतर-राज्यीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज़ 14 मार्च से इंदौर के अभय प्रशाल में होने जा रहा है। 43 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शहर को मिली इस राष्ट्रीय मेजबानी को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम सोनी और सचिव जयेश आचार्य ने जानकारी दी कि 21 मार्च तक चलने वाली इस स्पर्धा में 32 राज्यों के करीब 900 खिलाड़ी और 50 से अधिक अधिकारी भाग लेंगे। चैंपियनशिप के लिए लगभग एक करोड़ रुपये का बजट अनुमानित है। स्पर्धा के मुख्य प्रायोजक यूटीटी (अल्टीमेट टेबल टेनिस) हैं और स्टैग ग्लोबल सह-प्रायोजक के रूप में जुड़े हैं। :: दिग्गज खिलाड़ियों का लगेगा जमावड़ा :: इस चैंपियनशिप में कुल 20 लाख 10 हजार 800 रुपये की नकद इनामी राशि दांव पर लगी है। पुरुष और महिला एकल विजेताओं को 3.52 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से नवाजा जाएगा। टूर्नामेंट में हरमीत देसाई, मानव ठक्कर, मानुष शाह, श्रीजा अकुला, सुतीर्था मुखर्जी, अयहिका मुखर्जी और अनुषा कुटुंबले जैसे देश के शीर्ष रैंक खिलाड़ी अपने खेल का जादू बिखेरते नजर आएंगे। :: सात विधाओं में होंगे मुकाबले :: आयोजन सचिव जयेश आचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन तकनीकी समिति की देखरेख में होगा। केरल के एन. गणेशन टूर्नामेंट डायरेक्टर होंगे, जबकि महाराष्ट्र के मंगेश मोपेकर मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिता 14 से 17 मार्च तक टीम मुकाबलों के साथ शुरू होगी और 16 से 21 मार्च तक व्यक्तिगत मुकाबलों (पुरुष-महिला एकल, युगल एवं मिश्रित युगल) के साथ संपन्न होगी। यह चैंपियनशिप स्टैग रोम की 21 अत्याधुनिक टेबल पर खेली जाएगी। इस महा आयोजन को सफल बनाने के लिए ओम सोनी, जयेश आचार्य, प्रमोद सोनी, नरेंद्र कौशिक, रिंकू आचार्य, प्रमोद गंगराड़े, नीलेश वेद, अमित कोटिया, गौरव पटेल, शिरीष भागवत और नरेंद्र शर्मा की समिति दिन-रात तैयारियों में जुटी है। प्रकाश/10 मार्च 2026