अशोकनगर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को अशोकनगर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले के अलग-अलग ग्रामों में पहुंचकर दो दिवंगत सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शोकाकुल परिवारों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधानसभा अध्यक्ष सबसे पहले ग्राम मढ़ी महिदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख हितानंद शर्मा की माताजी स्वर्गीय जनकदुलारी शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव को किया याद: इसके बाद श्री तोमर तहसील ईसागढ़ के ग्राम महुअन पहुंचे। यहां उन्होंने चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय राव राजकुमार सिंह यादव के निधन पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व विधायक द्वारा क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए किए गए कार्यों को याद किया और उनके समर्पण की सराहना की। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद: विधानसभा अध्यक्ष ने शोकाकुल परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्माओं को अपनी ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 10 मार्च 2026