क्षेत्रीय
10-Mar-2026


एक की मौत 6 घायल, शादी में जा रहा था परिवार अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के नईसराय-शाढ़ौरा रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गंजबासौदा जा रहे कोलारस के जैन परिवार की अर्टिगा कार बरखेड़ा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से टकरा गई। इस हादसे में दुल्हन के जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुल्हन सहित 6 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, कोलारस निवासी जैन परिवार अपनी बेटी साक्षी जैन की शादी के लिए चार गाडिय़ों में सवार होकर विदिशा जिले के गंजबासौदा जा रहा था। रास्ते में नईसराय-शाढ़ौरा रोड पर बरखेड़ा गांव के पास दूसरे नंबर पर चल रही उनकी अर्टिगा कार की सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो से सीधी टक्कर हो गई। दुल्हन के जीजा की मौके पर मौत, पत्नी भी घायल: इस भीषण हादसे में ब्यावर निवासी 36 वर्षीय वैभव जैन (पुत्र बाबूलाल जैन) की मौके पर ही मौत हो गई। वैभव रिश्ते में दुल्हन साक्षी के जीजा थे। इस दुर्घटना में वैभव की 34 वर्षीय पत्नी पूजा जैन भी घायल हुई हैं। दुल्हन सहित 6 लोग घायल, गंभीर हालत में भोपाल रेफर: घायलों में 26 वर्षीय दुल्हन साक्षी जैन, उनकी 55 वर्षीय मां शीला बाई, 80 वर्षीय प्रेम बाई, 30 वर्षीय खुशबू जैन, डेढ़ साल की एक बच्ची और 28 वर्षीय कार चालक सौरभ खटीक शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अशोकनगर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने दुल्हन साक्षी सहित दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में ही जारी है। संयुक्त कलेक्टर का बताया जा रहा परिवार, बोलेरो चालक फरार: पुलिस ने मृतक वैभव जैन के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह परिवार अशोकनगर में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर सोनम जैन का बताया जा रहा है। परिजनों की दूसरी गाड़ी के चालक के अनुसार, बोलेरो चालक काफी तेज और अनियंत्रित गति से वाहन चला रहा था। आगे चल रही गाड़ी के चालक ने तो किसी तरह अपनी गाड़ी बचा ली, लेकिन पीछे आ रही अर्टिगा कार सीधे बोलेरो से जा टकराई। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 10 मार्च 2026