प्रस्फुटन समितियों को दिया गया जल गंगा अभियान व ग्राम विकास का प्रशिक्षण नरसिंहपुर,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नरसिंहपुर के मार्गदर्शन में नवांकुर योजना के अंतर्गत सेक्टर स्तरीय ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखी योजनाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन मंगलवार को ग्राम पंचायत भवन बम्होरी- तिंदनी सेक्टर धमना में किया गया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रशिक्षण के दौरान जनभागीदारी आधारित जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए रूपरेखा से अवगत कराते हुए जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए ग्राम स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आगामी त्रैमासिक कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार- विमर्श किया गया। प्रतिभागियों को सामुदायिक ग्राम विकास की अवधारणा, समितियों की भूमिका, उनके द्वारा संधारित किए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों तथा कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। तकनीकी सत्र में प्रतिभागियों को एमपीजेएपी ऐप के माध्यम से समितियों की गतिविधियों, बैठकों तथा विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया, जिससे योजनाओं की प्रगति का डिजिटल रूप से प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। प्रशिक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति नरसिंहपुर के अध्यक्ष श्री शिवकुमार रैकवार, श्री स्वामी आनंद सिंधु दास जी महाराज, जिला समन्वयक मप्र जन अभियान परिषद श्री जय नारायण शर्मा, जयज्वाला शिक्षा प्रचार-प्रसार समिति के निदेशक श्री संजय खरे तथा सुदर्शन जन कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री तेजवल सिंह लोधी मौजूद थे। इस प्रशिक्षण में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित अन्य सदस्य तथा नवांकुर सखियों ने भाग लिया। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 10 मार्च 2026