देहरादून (ईएमएस)। शिवसैनिकों ने राजपुर रोड स्थित एस्ले हॉल चैक का नाम वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, फील्ड मार्शल व पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे स्व. दिवाकर भट्ट के सम्मान में उनके नाम से रखे जाने की मांग की है और इसके लिए मेयर सौरभ थपलियाल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही कार्रवाई करने का आग्रह किया है। यहां शिवसैनिक बड़ी संख्या में नगर निगक में इकट्ठा हुए और उन्होंने मेयर को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर शिवसैनिक कुलभूषण राणा ने बताया कि स्व. दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख योद्धा, पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा फील्ड मार्शल के नाम से प्रसिद्ध थे। उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे और पहाड़ से मैदान तक आंदोलन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्भाग्यवश, नवंबर 2025 में उनका निधन हो गया, जिससे पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। शिवसेना के प्रदेश उप प्रमुख सौरभ नेगी ने बताया वर्तमान में एस्ले हॉल चैक का नाम एक ब्रिटिश कालीन व्यक्ति, संरचना से जुड़ा है, जो अब ऐतिहासिक महत्व कम रखता है। वहीं, स्व. दिवाकर भट्ट उत्तराखंड की आधुनिक इतिहास की जीवंत शख्सियत हैं। प्रदेश उप प्रमुख सचिन दीक्षित ने बताया कि स्व. दिवाकर भट्ट के नाम पर इस चैक का नामकरण करने से राज्य आंदोलन के बलिदानियों को सम्मान मिलेगा। युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर अनेक शिव सैनिक उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/10 मार्च 2026