राज्य
10-Mar-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद के मुरसान कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। bजानकारी के अनुसार कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव हरिया की गढ़ी निवासी विपिन वैक्सीन सप्लाई का कार्य करते हैं। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी पूजा और बच्चों के साथ अपनी ससुराल कौशांबी गए हुए थे। 7 मार्च को परिवार हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा और वहां से ऑटो में बैठकर अपने गांव हरिया की गढ़ी लौट रहा था। nइसी दौरान मुरसान कस्बे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विपिन, उनकी पत्नी पूजा और 6 वर्षीय बेटी दामिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए हाथरस जिला अस्पताल पहुंचाया। दामिनी की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा में निजी अस्पताल में इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मासूम दामिनी ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 10 मार्च 2026