क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुस्कान संस्था के सहयोग से नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली करीब 31 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा एवं उप संचालक आदिम जाति विभाग आशा मौर्य उपस्थित रहीं। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 6 मार्च से लगातार सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विधिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज इन कार्यक्रमों के समापन दिवस पर नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित कर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया है। मुस्कान संस्था की ओर से अंशिका रुद्रांश सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था हमेशा समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग निरंतर जारी रहेगा। मुख्य अतिथि पीयूष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने सभी सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में सुपरवाइजर श्रीमती अर्चना बस्तरबार, हिना खान श्रीमती रेखा चौरे, मुस्कान संस्था की अधीक्षक ऋतु राजपूत एवं अर्चना मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम का संचालन अनुष्का शर्मा भाटिया द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। समारोह के अंत में सम्मानित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 10 मार्च 2026