बालाघाट (ईएमएस). माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल परीक्षा के मूल्यांकन कार्य को सुचारू व त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 10 मार्च को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में कक्षा दसवीं के हिंदी, सामाजिक विज्ञान एवं विज्ञान विषय के मूल्यांकन कर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अश्वनी उपाध्याय ने उपस्थित मूल्यांकनकर्ताओं को उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की त्रुटि या अन्याय न हो। इस दौरान मूल्यांकन की प्रक्रिया, अंकन पद्धति, मॉडल आंसर के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं के परीक्षण तथा सावधानियों के संबंध में भी विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में संबंधित विषयों के शिक्षक-मूल्यांकनकर्ता उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 10 मार्च 2026