मनोरंजन
11-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बालीवुड की अपकमिंग फिल्म गिन्नी वेडस सन्नी 2 का पहला गाना छाप तिलक रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। गाने के रिलीज होते ही दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। बॉलीवुड अभिनेता अविनाश तिवारी और अभिनेत्री मेधा शंकर की इस फिल्म के लिए मॉडर्न बीट्स के मेल से तैयार यह गाना काफी पसंद आ रहा है। फिल्म के पोस्टर लॉन्च के बाद मेकर्स ने इस हाई-एनर्जी ट्रैक को सोनी म्यूजिक इंडिया के जरिए सभी प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया है। गाने में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की जोड़ी की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलती है। दोनों कलाकारों की एनर्जी और मजेदार डांस मूव्स इस ट्रैक को और आकर्षक बनाते हैं। वहीं रैपर पाराडोक्स की एंट्री गाने में एक नया और आधुनिक अंदाज जोड़ती है, जिससे यह पारंपरिक धुन और आधुनिक संगीत का दिलचस्प मिश्रण बन जाता है। गाने की रिलीज पर खुशी जताते हुए मेधा शंकर ने कहा कि यह गीत उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने बताया कि फिल्म का पहला गाना होने के कारण इसकी ऊर्जा खास है। मेधा के मुताबिक वह खुद भी इस गाने को सुनकर बार-बार थिरकने से खुद को रोक नहीं पा रही हैं। उन्होंने सिंगर हीर और म्यूजिक टीम की तारीफ करते हुए कहा कि इस गाने को बेहद शानदार ढंग से तैयार किया गया है। साथ ही पैराडॉक्स के रैप ने इसमें एक अलग ही रंग भर दिया है। मेधा को उम्मीद है कि यह गाना इस सीजन का बड़ा डांस ट्रैक साबित हो सकता है। अभिनेता अविनाश तिवारी ने भी गाने को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने में संगीत की अहम भूमिका होती है और ‘छाप तिलक’ उनकी फिल्म में वही काम करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गाना दर्शकों की प्लेलिस्ट में खास जगह बनाएगा और लोग इसे सुनकर खुद को नाचने से रोक नहीं पाएंगे। यह गाना महान सूफी कवि अमीर खुसरो की मशहूर रचना ‘छाप तिलक सब छीनी’ से प्रेरित है। इसे सिंगर-कंपोजर हीर ने अपनी आवाज दी है, जो इस गाने के साथ बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। अमान नूर ने इसके बोल और कंपोजिशन तैयार किए हैं, जबकि पैराडॉक्स ने अपने रैप के जरिए इसमें नया अंदाज जोड़ा है। फिल्म के निर्माता विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल हैं, जबकि लेखन और निर्देशन प्रशांत झा ने किया है। यह फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रोमांटिक-कॉमेडी सीक्वल ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ को झी स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है। सुदामा/ईएमएस 11 मार्च 2026