मबई (ईएमएस)। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म धुरंधर 2 का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। मेकर्स ने फिल्म रीलिज से पहले 18 मार्च से पेड प्रीमियर की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। इसी बुकिंग से फिल्म ने रिलीज से करीब 12 दिन पहले ही शानदार कमाई का आगाज कर दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, फिल्म ने सिर्फ 24 घंटे में 87 हजार से अधिक टिकट बेचकर 8 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है, जो बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना सकता है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर ऑडियंस में जबरदस्त क्रेज है। ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श के मुताबिक, पेड प्रीमियर की शुरुआत के पहले घंटे में ही 7.5 हजार से अधिक टिकट बिक चुकी थीं। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार, एडवांस बुकिंग शुरू होने के दो घंटे के भीतर फिल्म ने दुनियाभर में 4 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया था। इसमें पीवीआर, इनोक्स और सिनेपोलिस जैसी बड़ी सिनेमाघरों से 25 लाख रुपये की कमाई हुई और इन तीनों प्लेटफॉर्म पर कुल 35 हजार टिकट बिके। आने वाले दिनों में यह संख्या और भी बढ़ सकती है। फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। पहले पार्ट की सफलता के बाद ऑडियंस यह जानने के लिए बेसब्र थी कि कहानी आगे कैसे बढ़ती है। यही वजह है कि धुरंधर 2 की एडवांस बुकिंग से ही यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की ओपनिंग शानदार रहने वाली है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 में कहानी पाकिस्तान के लियारी की पॉलिटिक्स, आतंकवाद और बदले की भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। दूसरे पार्ट में हमजा के अतीत और जसकीरत सिंह रंगी की जर्नी को दिखाया जाएगा। लियारी में रहमान डकैत की मौत के बाद हमजा का राज और उसकी चुनौतियों को पर्दे पर उतारा जाएगा। फिल्म में कुछ नए सीन और नए चेहरे भी शामिल हैं। खबर है कि एक्ट्रेस यामी गौतम ने भी फिल्म में कैमियो किया और एक स्पेशल सीन शूट किया। पहले पार्ट ने देश में 800 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1300 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया था। सुदामा/ईएमएस 11 मार्च 2026