मुंबई(ईएमएस)। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की चकाचौंध के पीछे अक्सर संघर्ष की ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जो किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगतीं। नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज कोहरा के दूसरे सीजन में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले अभिनेता विख्यात गुलाटी आज इंटरनेट के नए फेवरेट बन गए हैं। लेकिन कोहरा के जॉनी मलंग बनने तक का उनका सफर बेहद कड़वी हकीकत और कठोर संघर्षों से भरा रहा है। एक समय ऐसा भी था जब विख्यात के पास सिर छिपाने की जगह तक नहीं थी और उन्हें मुंबई की सड़कों पर रातें गुजारनी पड़ी थीं। विख्यात को पहली बड़ी पहचान यूथ ड्रामा सीरीज फ्लेम्स के एक वायरल सीन से मिली। इसमें छोटे भाई का साथ देने और माता-पिता के सामने स्टैंड लेने वाले उनके किरदार निखिल को युवाओं ने काफी पसंद किया। इस सीन के वायरल होने के बाद न केवल पब्लिक उन्हें पहचानने लगी, बल्कि उनके अपने परिवार का दबाव भी कम हुआ। कोहरा सीजन 2 में जॉनी मलंग के रोल के लिए करीब 150 लोगों का ऑडिशन हुआ था, लेकिन एक रिहर्सल वीडियो ने मेकर्स को इतना प्रभावित किया कि विख्यात को यह अहम रोल मिल गया। आज विख्यात गुलाटी उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं जो बिना किसी गॉडफादर के अपनी दृढ़ता के दम पर इंडस्ट्री में जगह बनाना चाहते हैं। दिल्ली में जन्मे और पले-बढ़े विख्यात का थिएटर से लगाव बचपन से ही था। स्कूल के दिनों से ही वे स्टेज पर सक्रिय रहे, हालांकि उनका पहला अनुभव काफी दिलचस्प रहा। प्री-स्कूल में एक जोकर का मोनोलॉग करते समय वे स्टेज पर चढ़ते ही रोने लगे थे। लेकिन इस शुरुआती झिझक के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। दिल्ली यूनिवर्सिटी के माहौल ने उनके भीतर के कलाकार को तराशा और वे एक्टिंग के साथ-साथ लाइटिंग डिजाइनिंग और डायरेक्शन की बारीकियां भी सीखने लगे। न्यूयॉर्क से थिएटर की पढ़ाई करने के बाद वे बड़े सपनों के साथ मायानगरी मुंबई पहुंचे। मुंबई पहुंचते ही विख्यात को शहर की बेरहमी का सामना करना पड़ा। जिन दोस्तों ने ठहरने का वादा किया था, उन्होंने ऐन वक्त पर हाथ खींच लिए और विख्यात अपने सूटकेस के साथ सड़क पर अकेले रह गए। दो दिनों तक बेघर रहने के बाद एक परिचित की मदद से उन्हें अस्थायी ठिकाना मिला। सर्वाइवल के लिए उन्होंने कास्टिंग असिस्टेंट से लेकर रियलिटी शो की स्क्रिप्ट लिखने और एक्टिंग क्लासेस देने तक के काम किए। कई सालों तक पर्दे के पीछे काम करने के दौरान उन्होंने जो संपर्क बनाए, वे आखिरकार उनके काम आए। वीरेंद्र/ईएमएस 11 मार्च 2026