आईपीएल के बाद शुरु होंगी तैयारियां नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। टी20 विश्वकप जीतने के बाद अब गंभीर की नजरें अगले साल होने वाले एकदिवसीय विश्वकप पर लगी हैं। इसको जीतने के लिए गंभीर ने योजना बनाना भी शुरु कर दिया है। गंभीर एक ऐसे कोच माने जाते हैं जो भविष्य को देखते हुए योजनाएं बनाते हैं। उनका कहना है कि आईपीएल 2026 के अंत तक एकदिवीसय विश्व कप 2027 के लिए कार्य योजना तैयार हो जाएगी। गंभीर ने कहा कि टीम प्रबंधन कुछ दिन के आराम के बाद फिर से अगले आईसीसी टूर्नामेंट के लिए योजना पर अमल करना शुरु करेगा। गौरतलब है कि एकदिवसीय विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाएगा। गंभीर जानते हैं कि वहां की तेज और उछाल भरी पिचों पर खेलना आसान नहीं होता है। इसी को देखते हुए गंभीर ने कहा कि आईपीएल 2026 के तत्काल बाद टीम इस टूर्नामेंट की तैयारी शुरू हो जाएगी। वहीं मई के अंत तक खिलाड़ियों का चयन हो जाएगा। भारतीय टीम को उसके पहले 25 से 30 एकदिवसीय खेलने हैं जिसमें उसे अभ्यास का पर्याप्त अवसर मिल जाएगा। गंभीर ने कहा, 2027 विश्व कप की योजना आईपीएल के बाद शुरू होगी। आईपीएल 2026 और विश्व कप के बीच लगभग 25 से 30 वनडे मैच होने हैं। आजकल एकदिवसीय प्रारुप बहुत ज्यादा नहीं खेला जाता है। हम जितनी जल्दी इसकी योजना बनाना शुरू करेंगे, हमारे लिए उतना ही अच्छा होगा। कोच ने आगे कहा, हमें मालूम है कि दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट खेलने के लिए आसान जगह नहीं है। हमें वहाँ के हालातों के हिसाब से सही संयोजन तलाशने होंगे और उन खिलाड़ियों की पहचान करनी होगी जो उन हालातों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। यह काम चयनकर्ता और कोचिंग स्टाफ करेंगे।।” गिरजा/ईएमएस 11 मार्च 2026