खेल
11-Mar-2026
...


हरमनप्रीत आठवें नंबर पर पहुंची, जेमिमा 12 वें स्थान पर फिसली दुबई (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना शीर्ष पर बनी हुई है। मंधाना हाल में ऑस्ट्रेलिया दौरे में अपने शानदार प्रदर्शन से नंबर एक स्थान पर बरकरार हैं। वहीं भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर आठवें स्थान पर हैं पर जेमीमा रोड्रिग्स एक स्थान नीचे आकर 12वें स्थान पर फिसल गयी हैं। हाल में जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में अच्छे प्रदर्शन के कारण न्यूजीलैंड की ऑलरांउडर अमेलिया केर गेंदबाजी रैंकिंग में पांच स्थान के लाभ के साथ ही 11वें स्थान पर आ गयी हैं जबकि ऑलराउंडर की सूची में भी एक स्थान के लाभ के साथ ही पांचवें नंबर पर आ गयी है। न्यूजीलैंड की ही बल्लेबाज ब्रुक हैलीडे आठ स्थान के लाभ के साथ ही 11वें स्थान पर और मैडी ग्रीन चार स्थान के लाभ के साथ ही 22वें स्थान पर आ गयी हैं। हैलीडे ने सीरीज के पहले मैच में शतक लगाया जबकि ग्रीन ने अर्धशतक। वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के कारण श्रीलंका की बाएं हाथ की बल्लेबाज हसिनी परेरा ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में 15 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 28वें स्थान पर पहुंच गयी है। इमेशा दुलानी बल्लेबाजी रैंकिंग में 17 स्थान के फायदे से 72वें नंबर पर हैं पर कविशा दिलहारी गेंदबाजी रैंकिंग में तीन स्थान के लाभ के साथ ही 21वें पायदान पर पहुंच गयी है। गिरजा/ ईएमएस 11 मार्च 2026