मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि इसी माह के अंत में शुरु होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए कार्यक्रम की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। टी20 विश्व कप समाप्त होने के बाद से ही प्रशंसक अब आईपीएल के 19 सत्र का इंतजार कर रहे हैं। ये सत्र 28 मार्च से होना है पर अभी तक कार्यक्रम घोषित नहीं होने से प्रशंसक संशय में है कि किस टीम को मैच कब खेला जाएगा। बीसीसीआई ने कार्यक्रम की घोषणा में हो रही देरी का भी कारण बताया और कहा कि कुछ राज्यों के चुनाव की तारीखों का इंतजार किया जा रहा है। इसी कारण अब बोर्ड कार्यक्रम के सभी मैचों की एकसाथ घोषणा न करते हुए दो चरणों में करेगा। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि अगले 2-3 दिनों में आईपीएल के पहले 20 दिनों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये फैसला पश्चिम बंगाल, केरल, असम और तमिलनाडु में चुनाव को देखते हुए लिया गया हैहैं। इन राज्यों की विधानसभाओं के कार्यकाल मई महीने में खत्म हो रहे हैं। उनके कार्यकाल खत्म होने से पहले चुनाव कराए जाने जरूरी हैं और निर्वाचन आयोग आने वाले दिनों में इन राज्यों के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। उसी हिसाब से इस राज्यों में होने वाले आईपीएल मैच रखे जाएंगे। आईपीएल 2026 सत्र आधिकारिक तौर पर 28 मार्च से शुरू होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर इस सत्र में पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ उतरेगी। पिछले सत्र में उसने आईपीएल फाइनल में पंजाब को 6 रन से हराया था। गिरजा/ ईएमएस 11 मार्च 2026