कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद में पति पर अपनी पत्नी की बहिंगा (लकड़ी का लंबा डंडा) से बेरहमी से पिटाई कर उसका सिर दीवार में पटक देने का आरोप हैं। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के अभाव में देर रात मृत्यु हो गई। पुलिस ने कथित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार घटना पसान थाना क्षेत्र के ग्राम साजाकछार सारिसमार की है। यहाँ रहने वाले एक व्यक्ति ने घर में मुर्गा-भात बनाने का कार्यक्रम रखा था। उसने अपने भतीजे को भी खाने के लिए बुलाया था। रात करीब 9 बजे तक घर में खाना-पीना चलता रहा, जिसके बाद भतीजा अपने घर चला गया। बताया जा रहा हैं की भतीजे के जाने के बाद पति-पत्नी के बीच चरित्र संदेह को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने घर में रखे बहिंगा से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद कथित आरोपी पति पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय सो गया। गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के अभाव में रात करीब 3 बजे दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर भतीजा सीधे थाना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची। मौके पर निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतिका के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले। दीवार पर भी खून के निशान पाए गए। पूछताछ में कथित आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बहिंगा बरामद कर लिया है। कथित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है। 11 मार्च / मित्तल