नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स माफिया के खिलाफ विशेष अभियान में 17 हजार किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। ऑपरेशन कवच के तहत 5467 एफआईआर दर्ज कर 7134 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि तस्करों की संपत्तियों को गिराने के लिए 29 संयुक्त अभियान भी चलाए गए, जिससे राजधानी को नशामुक्त बनाने में मदद मिली। राजधानी दिल्ली की पुलिस ने ड्रग्स माफिया के खिलाफ विशेष अभियान में 17 हजार किलोग्राम से ज्यादा नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। ड्रग्स माफिया के खिलाफ 5467 एफआइआर दर्ज की गई और अब तक 2640 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा ड्रग्स तस्करों की संपत्तियों को गिराने के लिए 29 संयुक्त अभियान भी चलाए। यह जानकारी मंगलवार को लोकसभा में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी की ओर से पूछे एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। बिधूड़ी ने पूछा था कि क्या दिल्ली पुलिस राजधानी को नशामुक्त बनाने के लिए ड्रग माफिया के खिलाफ कोई विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने यह भी पूछा था कि इस संबंध में कितनी एफआईआर की गई, कितनी गिरफ्तारियां की गई, कितने मादक पदार्थ बरामद हुए और ड्रग माफिया की कितनी प्रापर्टी को बुलडोजर से ढहाया गया। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आपरेशन कवच शुरू किया है। 13 मई 2023 से इस साल 23 जनवरी तक दिल्ली पुलिस ने ड्रग माफिया के खिलाफ कुल 12 ऐसे विशेष अभियान चलाए हैं। इनमें 9,694 स्थानों पर छापेमारी करके ड्रग्स बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इन अभियानों के साथ ही दिल्ली पुलिस ने 2023 से 15 फरवरी 2026 तक ड्रग्स से संबंधित कुल मिलाकर 5,467 एफआइआर दर्ज की हैं और 7,134 लोगों को गिरफ्तार किया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/11/मार्च /2026