राष्ट्रीय
11-Mar-2026


सूरत (ईएमएस)| शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक बंद हो जाने से होटल, रेस्टोरेंट और कैंटीन सहित कई व्यवसाय मुश्किलों में घिर गए हैं। वैश्विक स्तर पर बनी युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण पिछले कुछ दिनों से गैस सप्लाई पर गंभीर असर देखने को मिल रहा है। सूरत में रोजाना हजारों कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई की जाती है, लेकिन फिलहाल सप्लाई पूरी तरह ठप हो जाने से व्यापारियों और उद्योगकारों में चिंता का माहौल है। स्थिति कब सामान्य होगी, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे व्यापारिक क्षेत्र में अनिश्चितता बढ़ गई है। सूरत में होटल, रेस्टोरेंट, कैंटीन और अन्य कमर्शियल इकाइयों में बड़े पैमाने पर कमर्शियल गैस का उपयोग होता है। ऐसे में सप्लाई बंद होने से इन सभी व्यवसायों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ते हैं तो कई होटल और रेस्टोरेंट को अस्थायी रूप से बंद करने की नौबत भी आ सकती है। मिली जानकारी के अनुसार सूरत में तीन बड़ी गैस कंपनियों के 70 से अधिक डिस्ट्रीब्यूटर सक्रिय हैं। सामान्य परिस्थितियों में शहर में प्रतिदिन लगभग 70 से 80 हजार कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई होती है। लेकिन फिलहाल इस पूरी सप्लाई पर ब्रेक लग गया है, जिससे व्यावसायिक क्षेत्र पर गहरा असर पड़ रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण ग्राहकों में भी चिंता बढ़ने लगी है। कई होटल मालिक और व्यापारी लगातार गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स को सप्लाई के बारे में पूछताछ के लिए फोन कर रहे हैं, जिससे डिस्ट्रीब्यूटर्स पर कॉल का दबाव बढ़ गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गैस सप्लाई कब तक सामान्य होगी। यदि जल्द ही सप्लाई शुरू नहीं हुई तो सूरत के फूड और होटल उद्योग पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है। व्यापारी और उद्योगकार अब सरकार और संबंधित कंपनियों से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। सतीश/11 मार्च