राष्ट्रीय
11-Mar-2026


एजेंसी ने हेरोइन की बरामदगी की नहीं की आधिकारिक पुष्टि तरणतारन,(ईएमएस)। विधानसभा हलका खेमकरण के कलसियां कलां के मौजूदा आम आदमी पार्टी के सरपंच को केंद्रीय एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने उनके घर से 18 किलो हेरोइन के साथ हिरासत में लिया है। इस संबंध अमृतसर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि मंगलवार देर रात तक किसी भी अधिकारी की ओर से करीब 90 करोड़ रुपए कीमत की इस हेरोइन की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार तड़के एनसीबी की एक विशेष टीम ने गांव कलसियां कलां में मौजूदा आप सरपंच परमजीत सिंह के घर पर दबिश दी। इस दौरान टीम ने घर में मौजूद सरपंच परमजीत सिंह को हिरासत में लेकर तलाशी ली। बताया जा रहा है कि सरपंच की निशानदेही पर 18 किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 करोड़ रुपए बताई जा रही है। बता दें भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित इस गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाए गए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत बनाई गई विलेज डिफेंस कमेटी का अध्यक्ष भी इसी सरपंच को नियुक्त किया गया था। इस कार्रवाई को लेकर जिला तरनतारन के किसी भी पुलिस अधिकारी ने फिलहाल जानकारी देने से इनकार कर दिया है। दूसरी ओर, शिरोमणि अकाली दल से संबंधित खेमकरण के पूर्व विधायक और पार्टी के विशेष प्रवक्ता विरसा सिंह वल्टोहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया है कि एनसीबी ने मौजूदा आप सरपंच को 18 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है, साथ ही परमजीत सिंह कलसियां की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल की हैं। सिराज/ईएमएस 11मार्च26 --------------------------------