राष्ट्रीय
11-Mar-2026


-सामाजिक कार्यकर्ता ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग से की शिकायत गुरुग्राम,(ईएमएस)। गुरुग्राम में मिट्टी धंसने से सात मजदूरों की मौत के मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग से मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि गुरुग्राम के बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली गांव में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए चल रही खुदाई के दौरान बेसमेंट में अचानक मिट्टी धंसने से हादसा हो गया था। इस दुर्घटना में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने आयोग को भेजी शिकायत में कहा है कि करीब 60 फीट गहरे बेसमेंट में मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण मजदूरों की जान गई है, जो मानव अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने आयोग से मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए, हादसे के लिए जिम्मेदार बिल्डर, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मृतकों के स्वजन को उचित मुआवजा और घायल मजदूरों के समुचित उपचार की व्यवस्था तय की जाए। सिराज/ईएमएस 11मार्च26 --------------------------------