राष्ट्रीय
11-Mar-2026


-निशांत की जेडीयू में एंट्री से कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह पटना,(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में इस समय उथल-पुथल मची है। पटना में उस दिन हवा में एक अलग ही उत्साह था जब सीएम नीतीश कुमार के घर पर कार्यकर्ताओं की भीड़ थी। सभी की निगाहें बिहार के युवा चेहरे निशांत कुमार पर टिकी थीं। निशांत जो अब तक राजनीति से दूर रहते हुए युवाओं की पसंद थे। अब उनकी राजनीति में एंट्री हो चुकी है। वहीं जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करते हुए निशांत ने कहा कि ‘वह लाखों कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान करते हैं। बिहार के विकास के संकल्प को मजबूत करने के लिए वह यहां हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीएम नीतीश के बेटे निशांत का यह फैसला अचानक नहीं था। सालों से बिहार के युवा निशांत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे थे। नीतीश के पुत्र होने के नाते उन पर हमेशा से दबाव था, लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई और सामाजिक कार्यों में समय लगाया। अब जेडीयू में शामिल होकर उन्होंने युवा सोच को जोड़ने का बीड़ा उठाया है। वहीं, पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में नीतीश कुमार ने भावुक होकर कहा कि निशांत का आना बिहार के लिए एक नई ऊर्जा है। अब प्रदेश के युवाओं पर अब बड़ी जिम्मेदारी है कि वे उनके अनुभव और उनकी नई सोच से राज्य को आगे बढ़ाएं। बता दें निशांत के जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पटना से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जेडीयू के कार्यकर्ता जश्न मना रहे थे। कार्यकर्ताओं का मानना है कि अब निशांत युवाओं की आवाज हैं। उनकी एंट्री से जेडीयू पार्टी में नई जान आ गई है। अब बिहार में शिक्षा, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस और तेजी से होगा। वहीं, निशांत ने अपनी पहली सभा में युवाओं से अपील की थी कि हम सब मिलकर बिहार को विकसित बनाएंगे। इसके बाद से कार्यकर्ताओं में और उत्साह भर गया। निशांत के जेडीयू में शामिल होने से बिहार की विपक्षी पार्टियां भी सतर्क हो गई हैं। वहीं, निशांत अब ग्रामीण दौरों पर निकल चुके हैं। जहां वह युवाओं से संवाद कर रहे हैं। बिहार के युवा निशांत से प्रेरित भी हो रहे हैं। सिराज/ईएमएस 11मार्च26