राष्ट्रीय
11-Mar-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में आगामी स्थानीय निकाय संस्थाओं के चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल तेज़ होता दिखाई दे रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर आने वाले हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के एक दिवसीय दौरे की तैयारियाँ अंतिम चरण में चल रही हैं। इस दौरे की सबसे अहम बात यह है कि प्रधानमंत्री नवगठित वाव-थराद जिले का दौरा कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि आगामी 31 तारीख को वे इस नए जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। नए जिले की घोषणा के बाद यह प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी, जिसके कारण स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय स्वराज्य चुनावों से पहले प्रधानमंत्री की यह यात्रा भाजपा के चुनावी अभियान को और गति देने वाली मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कुछ सरकारी कार्यक्रमों में भी शामिल हो सकते हैं और कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास कर सकते हैं। उत्तर गुजरात के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में प्रधानमंत्री की मौजूदगी से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। वहीं प्रशासन ने प्रधानमंत्री के इस एक दिवसीय दौरे को लेकर तेज़ी से तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। सतीश/11 मार्च