खेल
11-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते है। उनके मुख्य कोच बनने के बाद से ही टीम ने आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी, एशिया कप और टी20 विश्वकप जीता है। गंभीर हालांकि टेस्ट प्रारुप में टीम को सफलता नहीं दिला पाये। इसके कारण वह आलोचकों के निशाने पर भी रहे हैं। गंभीर का कहना है कि उन्हें कोचिंग को कोई अनुभव नहीं था पर तत्कालीन बीसीसीआई सचिव जय शाह ने उन्हें मुख्य कोच बनने का प्रस्तान दिया था जिसके लिए वह मना नहीं कर पाये हालांकि इससे पहले उन्होंने अपने परिवार और पत्नी से बात की थी। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गंभीर को मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गयी थी। उनको कोच बनाना इसलिए हैरानी की बात रही कि उनके पास पहले का कोई अनुभव नहीं था। गंभीर ने हाल ही में बताया कि जब शाह ने उन्हें यह प्रस्ताव दिया, तो वह इसके लिए तैयार नहीं थे पर शाह को मना नहीं कर पाये। गंभीर ने कहा, ‘मुझे याद है हम मुंबई में एक आईपीएल मैच खेल रहे थे। केकेआर बनाम मुंबई इंडियंस था, और हम सेंट रेजिस होटल में ठहरे थे। जय भाई ने मुझे सुबह-सुबह फोन कर कहा, ‘मुझे तुम्हें एक प्रस्ताव देना है और तुम मुझे मना नहीं कर सकते।’ मैंने पूछा, ‘क्या?’ तो उन्होंने कहा, ‘तुम्हें मुख्य कोच बनना है,’ उस समय मैं इसके लिए तैयार भी नहीं था।’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह मेरे लिए हैरानी की भी बात थी क्योंकि मुझे लगता है कि भारतीय टीम का मुख्य कोच बनना एक सम्मान की बात है। यह एक खास अवसर है, क्योंकि बहुत कम लोगों को दोबारा ड्रेसिंग रूम में जाकर इंडिया की जर्सी पहनने और देश के लिए कुछ खास करने का मौका मिलता है।’ गंभीर के मुताबिक, उन्हें पता था कि उनके पास कोचिंग का कोई अनुभव नहीं था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई, जिसके लिए वह जय शाह का जितना धन्यवाद करें कम है।’ ईएमएस 11 मार्च 2026