खेल
11-Mar-2026


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे विश्वकप के बाद अहमदाबाद से ट्रेन से मुम्बई पहुंचे। शिवम ने ट्रेन में पहचाने जाने के डर से कंबल ओड़ा हुआ था। ट्रेन से मुम्बई जाने का कारण ये था कि सभी फ्लाइट बुक थी इसलिए उन्हें थर्ड एसी से यात्र करनी पड़ी। यात्रा के दौरान बीच-बीच में टीसी भी आया, पर उन्होंने किसी को अपने पहचान का पता नहीं चलने दिया। इस दौरान उनकी पत्नी भी साथ थीं। अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली फ्लाइट्स नहीं मिली तो शिवम ने ट्रेन के जरिये जाना ठीक समझा। शिवम अपने बच्चों से मिलने की जल्दी में थे। इसलिए ट्रेन से लौटे पहचान छिपाने के लिए शिवम ने फुल स्लीव टी-शर्ट, कैप और मास्क का सहारा लिया। स्टेशन पर हंगामा न हो, इसलिए वो ट्रेन छूटने के महज 5 मिनट पहले कोच में दाखिल हुए और चुपचाप अपनी अपर बर्थ पर जाकर सो गए। सफर के दौरान सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब टिकट चेकर वहां पहुंचा। चार्ट पर शिवम दुबे नाम देखते ही हैरान रह गया और पूछा, शिवम दुबे? वही क्रिकेटर? तो वह डर गये पर पत्नी अंजुम ने बात संभाली और मुस्कुराते हुए कहा— अरे नहीं-नहीं, वो यहां कहां से आएगा? ये सुनते ही टीटीई आगे बढ़ गया। पूरे 8 घंटे की यात्रा के दौरान शिवम ऊपर वाली सीट से नीचे नहीं उतरे। लेकिन असली चुनौती थी मुंबई का बोरीवली स्टेशन। दिन के उजाले में वहां से सुरक्षित निकलना टेढ़ी खीर था। आखिरकार उन्हें पुलिस की मदद लेनी पड़ी। जब पुलिस वालों को पता चला कि विश्व कप का हीरो एयरपोर्ट से नहीं बल्कि ट्रेन के डिब्बे से बाहर आने वाला है, तो उनकी भी आंखें फटी की फटी रह गईं। कड़ी सुरक्षा के बीच अंडरकवर दुबे को स्टेशन से बाहर ले गये। ईएमएस 11 मार्च 2026